उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, मसूरी में अलाव की मांग; अगले सप्ताह से जलेगी आग

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – उत्तराखंड में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और शाम के साथ दिन में भी सर्द हवाओं के चलते ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में मौसम करवट ले सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।

मौसम में इस बदलाव का सीधा असर तापमान पर पड़ने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ों से चलने वाली सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट महसूस होगी।

यह भी पढ़ें 👉  250 स्टॉलों पर सजेगा देशभर का बाजार, हल्द्वानी में 10 दिन तक चलेगा राष्ट्रीय सरस मेला

धूप के बावजूद सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंड

शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर चटक धूप खिली रही, जिससे दिन के समय ठंड का असर कुछ कम रहा। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों से आ रही सर्द हवाओं ने सुबह और शाम के साथ दिन में भी लोगों को ठंड का अहसास कराया।

देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य के आसपास था। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला।

मसूरी में बादल और बूंदाबांदी से बढ़ी ठिठुरन

यह भी पढ़ें 👉  250 मीटर गहरी खाई में गिरा 24 वर्षीय अनुज, एसडीआरएफ ने जान जोखिम में डालकर बचाया

मसूरी में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी और दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से ठंड में इजाफा हुआ। तापमान में गिरावट के चलते स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सर्दी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम में आए बदलाव के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। सुबह और शाम के समय लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। शाम ढलते ही शहर के बाजारों और खुले स्थानों पर ठंड का असर बढ़ने लगता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और कामकाजी वर्ग के लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार में बनभूलपुरा पुलिस को कामयाबी, नशीले इंजेक्शनों के साथ एक आरोपी दबोचा

अलाव की व्यवस्था अगले सप्ताह से होगी शुरू

बढ़ती ठंड को देखते हुए स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर जल्द अलाव जलाने की व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में राहगीरों, मजदूरों, दुकानदारों और जरूरतमंद लोगों को राहत देने के लिए समय रहते अलाव की व्यवस्था जरूरी है।

इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि शहर में अगले सप्ताह से अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू की जाएगी। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि ठंड बढ़ने के साथ लोगों को राहत मिल सके।