उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

250 स्टॉलों पर सजेगा देशभर का बाजार, हल्द्वानी में 10 दिन तक चलेगा राष्ट्रीय सरस मेला

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेले का आयोजन होगा। दस दिवसीय इस मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहेंगे। करीब 250 स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न राज्यों के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों को मंच मिलेगा। मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास खंड सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की।

समयबद्ध तैयारियों के निर्देश

बैठक में सीडीओ ने सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन पहुंचेंगे, इसलिए व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

18 नवंबर तक पूरी होगी स्टॉल बुकिंग

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल के दुर्गम जंगलों में दिन-रात तलाश, अर्णव की बरामदगी के लिए संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन

सीडीओ ने निर्देश दिए कि मेले से संबंधित सभी प्रकार की बुकिंग प्रक्रिया 18 नवंबर तक पूरी कर ली जाए। मेले में करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विभागीय स्टॉल भी शामिल रहेंगे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत नक्शा तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने और सांसदों, विधायकों सहित अन्य अतिथियों को आमंत्रण पत्र एवं ई-कार्ड समय से भेजने को कहा।

कंट्रोल रूम से होगी व्यवस्थाओं की निगरानी

मेले के दौरान कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिसमें विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग सहित महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों की तैनाती रहेगी। इसका उद्देश्य मेले के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करना होगा।

यह भी पढ़ें 👉  चोरी और आपराधिक घटनाओं पर लगेगी लगाम, त्योहार से पहले नैनीताल पुलिस मुस्तैद

पार्किंग, चिकित्सा और सफाई की जिम्मेदारी तय

पुलिस एवं परिवहन विभाग को सुरक्षा और पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग मेला स्थल पर चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करेगा। जल संस्थान एवं विद्युत विभाग को पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

नगर निगम हल्द्वानी को साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगा। जिला सूचना अधिकारी को मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार और मीडिया सेल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

तैयारियों की नियमित समीक्षा करेगा प्रशासन

यह भी पढ़ें 👉  भैया दूज पर सुरक्षा का मजबूत पहरा, नैनीताल पुलिस की चप्पे-चप्पे पर नजर

सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने स्पष्ट किया कि मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने होंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि मेले में आने वाले लोगों और प्रतिभागियों को बेहतर सुविधाएं मिलें तथा आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो।

बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी, जिला उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य सहित समस्त खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।