उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

दो दिन तक लोक संस्कृति और पर्यटन का उत्सव बनेगा भीमताल, प्रशासन ने तेज की तैयारियां

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – सरोवर नगरी के खूबसूरत पर्यटन स्थल भीमताल में 14 और 15 नवंबर को दो दिवसीय भीमताल कार्निवाल का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्निवाल को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ आयोजन की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

भीमताल कार्निवाल जनपद की पहचान से जुड़ा आयोजन

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि भीमताल कार्निवाल केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भीमताल और पूरे नैनीताल जनपद की पहचान से जुड़ा प्रतिष्ठित आयोजन है। इसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं और आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहने दें।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपनी-अपनी कार्ययोजना तैयार कर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम का सफल और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार में नशे के खिलाफ कार्रवाई, गौला पार्किंग के पास 35 इंजेक्शन बरामद

सफाई, पार्किंग और सुरक्षा पर विशेष जोर

बैठक में नगर पालिका भीमताल को कार्निवाल स्थल एवं नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग और सौंदर्यीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पर्यटन विभाग को पर्यटकों के लिए सूचना केंद्र स्थापित करने, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी, होम-स्टे और होटलों के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस एवं यातायात विभाग को भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून की 14 लाख की लूट में दो और गिरफ्तार, अब तक सात आरोपी दबोचे

कुमाऊंनी लोक संस्कृति और स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच

कार्निवाल में कुमाऊंनी लोक संस्कृति की विशेष झलक देखने को मिलेगी। इसके तहत झोड़ा-छपेली, लोकनृत्य, लोकगायन और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को मंच देने की योजना बनाई गई है। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, होटल कारोबारियों, स्थानीय निवासियों और महिला स्वयं सहायता समूहों को भी आयोजन से जोड़ने पर चर्चा हुई।

स्थानीय उत्पादों और महिला समूहों को मिलेगी प्राथमिकता

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्निवाल में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, जैविक उत्पादों, कुमाऊंनी व्यंजनों और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को विशेष स्थान दिया जाए। इससे स्थानीय उद्यमियों और महिला समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने सभी कार्यदायी विभागों को निर्देश दिए कि उनकी कार्ययोजना में कार्य पूरा करने की समय-सीमा, जिम्मेदार अधिकारी और वैकल्पिक व्यवस्था स्पष्ट रूप से दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोजन की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार में बनभूलपुरा पुलिस को कामयाबी, नशीले इंजेक्शनों के साथ एक आरोपी दबोचा

शुक्रवार को होगी तैयारियों की अंतिम समीक्षा

बैठक के अंत में सीडीओ ने सभी विभागों को शुक्रवार तक अपनी तैयारियों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। कार्निवाल की तैयारियों को लेकर अगली समीक्षा बैठक शुक्रवार को निर्धारित की गई है, जिसमें व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा की जाएगी।

बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद आर्य, थानाध्यक्ष राजेश कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका भीमताल राहुल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा, संयोजक विनोद गुणवंत, उपाध्यक्ष नितेश बिष्ट, सचिव नितिन राणा, कोषाध्यक्ष दीपक शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।