उत्तराखण्ड ज़रा हटके भीमताल

पर्यटकों के स्वागत को तैयार भीमताल, लेक कार्निवाल में दिखेगी उत्तराखंड की लोकसंस्कृति

ख़बर शेयर करें -

भीमताल – सरोवर नगरी के खूबसूरत पर्यटन स्थल भीमताल में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के मनोरंजन के लिए दो दिवसीय लेक कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। 14 और 15 नवंबर को आयोजित होने वाले इस कार्निवाल में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के रंगों के साथ बॉलीवुड संगीत की धूम देखने को मिलेगी। दोनों दिन शाम को सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी।

लेक कार्निवाल आयोजन समिति के सचिव नितेश राणा ने बताया कि 14 नवंबर को शाम सात बजे से डांठ, भीमताल में उत्तराखंड फोक नाइट का आयोजन होगा। इसमें प्रसिद्ध लोकगायिका स्वाति भट्ट और लोकगायक किशन महिपाल अपनी प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और संगीत की छटा बिखेरेंगे। इसके अलावा विहान सांस्कृतिक ग्रुप, अल्मोड़ा के कलाकार भी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।

यह भी पढ़ें 👉  250 स्टॉलों पर सजेगा देशभर का बाजार, हल्द्वानी में 10 दिन तक चलेगा राष्ट्रीय सरस मेला

दूसरे दिन बॉलीवुड नाइट में थिरकेंगे दर्शक

कार्निवाल के दूसरे दिन 15 नवंबर को शाम सात बजे से बॉलीवुड नाइट आयोजित की जाएगी। इसमें दिल्ली का प्रसिद्ध ‘द तत्व बैंड’ अपनी आकर्षक संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेगा। वहीं, रुद्रपुर का हुड़किया बैंड भी अपनी प्रस्तुति देगा। आयोजकों को उम्मीद है कि दोनों शामों में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटक भी कार्यक्रमों का आनंद लेने पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  लामाचौड़ की ग्राम दुकान बनी महिला उद्यमियों का सहारा, 65 महिलाएं जुड़ीं स्वरोजगार से

वाहनों के लिए दो स्थानों पर रहेगी पार्किंग व्यवस्था

आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डांठ पार्किंग और दीनदयाल पार्क स्थित पार्किंग स्थल बंद रहेंगे। इनके स्थान पर एलपी इंटर कॉलेज तथा जिला पंचायत डाक बंगले में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों और पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्निवाल का हिस्सा बनने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की है।

यह भी पढ़ें 👉  डीएम के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, 481 खनन वाहनों के मालिकाना हक में बदलाव

इस अवसर पर आयोजन समिति के सहसंयोजक पंकज जोशी, उपाध्यक्ष नीतेश बिष्ट, सांस्कृतिक सचिव पूरन जोशी, संयुक्त सचिव शरद पांडे और मोहित पडियार, कमल जोशी, पंकज उप्रेती, प्रकाश कनोजिया, प्रकाश आर्या, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत तथा सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।