उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

साइबर ठगी में अब हर आर्थिक अपराध पर होगी एफआईआर, एसएसपी ने दिए स्पष्ट निर्देश

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने गुरुवार को कोतवाली हल्द्वानी सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में जनपद की कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं और पुलिसिंग की समीक्षा करते हुए डिजिटल पुलिसिंग, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 29 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।

बैठक में एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्मों का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने e-Shakshya ऐप, Zero FIR, e-FIR, e-Beat, e-Summon, e-Malkhana, e-DAR तथा सीसीटीएनएस (CCTNS) जैसे डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि तकनीक आधारित जांच से विवेचनाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता दोनों में सुधार आएगा।

यह भी पढ़ें 👉  हरित उत्तराखंड की ओर बड़ा कदम, संजीवनी वन के रूप में विकसित होगा 22 हेक्टेयर क्षेत्र

बैठक में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने e-Shakshya ऐप की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतीकरण दिया, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीओ ऑपरेशंस अमित कुमार सैनी ने PRAGATI पोर्टल, Sahyog Portal तथा Money Restoration Module की जानकारी दी।

एसएसपी ने साइबर अपराधों के मामलों में स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी या धन की ठगी हुई है तो ऐसे मामलों में अनिवार्य रूप से धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित विवेचक की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही जनपद के चिन्हित साइबर हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा सभी अधिकारियों को CyTrain Portal पर पंजीकरण कर स्वयं को तकनीकी रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  भू-कटाव, सिंचाई और बिजली की समस्याओं पर अधिकारियों को मिले त्वरित कार्रवाई के निर्देश

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को सीसीटीएनएस पर शत-प्रतिशत डेटा अपडेट रखने, ई-साइनिंग की प्रक्रिया पूर्ण करने तथा लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जून 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद के विभिन्न थानों एवं शाखाओं में तैनात 29 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इनमें विशेष रूप से काठगोदाम कोतवाली के कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह की e-Beat प्रणाली में उत्कृष्ट कार्य एवं न्यायालय से प्राप्त सम्मनों के प्रभावी निस्तारण के लिए एसएसपी ने सराहना की और अन्य पुलिसकर्मियों को भी इसी प्रकार समर्पण एवं लगन से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

यह भी पढ़ें 👉  मनोज सरकार स्टेडियम में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिता का आगाज

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि “तकनीकी रूप से दक्ष और जनसंवेदनशील पुलिसिंग ही आधुनिक समय की आवश्यकता है। स्मार्ट पुलिसिंग के माध्यम से जनता का विश्वास मजबूत करना और अपराधियों में कानून का भय कायम रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

बैठक में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा, अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित सभी थाना, शाखा, यातायात, सीपीयू प्रभारी एवं पीएसी के कंपनी कमांडर उपस्थित रहे।