हल्द्वानी – मुखानी थाना क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन में अपराधों के त्वरित अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को सत्य विहार, ओंकार कॉलोनी, आरटीओ रोड निवासी श्रीमती कुसुम जोशी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि 13 से 18 जुलाई के बीच अज्ञात चोर उनके माता-पिता के घर का ताला तोड़कर करीब ढाई तोले का सोने का मंगलसूत्र और आधे तोले की सोने की अंगूठी चोरी कर ले गया।

तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 111/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
22 जुलाई को गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध आनंदपुर गांव में मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान श्याम सिंह (45 वर्ष) पुत्र लल्ला बाबू, निवासी जवाहर नगर, थाना बनभूलपुरा, नैनीताल के रूप में बताई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र और सोने की अंगूठी बरामद कर ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों की कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये है और मामले में लगभग 100 प्रतिशत बरामदगी की गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक दीपा जोशी, कांस्टेबल रविन्द्र खाती, कांस्टेबल सुनील आगरी तथा कांस्टेबल धीरज सूगड़ा शामिल रहे।

