नैनीताल – वीकेंड पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नैनीताल पुलिस यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पहले से जारी ट्रैफिक प्लान के तहत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी प्रमुख मार्गों एवं निर्धारित ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात होकर यातायात का संचालन कर रहे हैं।
पुलिस का उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के साथ ही उनकी यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाना है। इसके लिए राजपत्रित अधिकारियों सहित पुलिसकर्मी सड़कों पर उतरकर यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं।
जीरो प्वाइंट पर पहुंचीं सीओ नैनीताल
पुलिस उपाधीक्षक नैनीताल एवं भवाली अंजना नेगी ने जीरो प्वाइंट पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और संचालन की जिम्मेदारी संभाली। यातायात प्रभारी सहित पुलिस की विभिन्न टीमें भी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात हैं, ताकि वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।

निर्धारित स्थानों से चल रही शटल सेवा
यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए सेनेटोरियम, भवाली तिराहा और विकास भवन भीमताल से निर्धारित व्यवस्था के तहत शटल सेवा संचालित की जा रही है। पुलिस पर्यटकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और शटल सेवा के माध्यम से आगे की यात्रा करने की अपील कर रही है।
पुलिस की अपील—ट्रैफिक प्लान का करें पालन
नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें। वाहन चलाते समय तेज गति और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें। निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और शटल सेवा का लाभ उठाएं।
पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने और पुलिसकर्मियों का सहयोग करने से जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी तथा सभी की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहेगी।

