उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

रफ्तार पर रखें नियंत्रण, आपकी सतर्कता बचा सकती है जान: एसएसपी नैनीताल

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – तीनपानी फ्लाईओवर के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार के चलते एक फोर्ड फिगो कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में चार लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:25 बजे कार संख्या UK 02 A 2544 बाईपास रोड पर गोलापुल की ओर से लालकुआं की तरफ जा रही थी। इसी दौरान तीनपानी फ्लाईओवर के पास तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता, योजनाओं का नियमित आकलन करें विभाग: रामपाल सिंह

एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर दिए निर्देश

दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह तथा कोतवाली हल्द्वानी, मुखानी और बनभूलपुरा की पुलिस टीमों को मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए राहत एवं बचाव कार्य तत्परता से पूरा कराने को कहा।

यह भी पढ़ें 👉  प्रवक्ता संस्कृत परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, तीन केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

एसएसपी नैनीताल ने दुर्घटना में घायल लोगों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने घायलों को दिए जा रहे उपचार के संबंध में जानकारी ली। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  न्यायालय के गैर-जमानती वारंट पर चोरगलिया पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

एसएसपी की अपील—तेज रफ्तार से बचें

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने वाहन चालकों से अपील की कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन चलाते समय नियंत्रण बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी और थोड़ी-सी लापरवाही चालक के साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती है। सुरक्षित यात्रा के लिए सतर्कता और यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है।