हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में काठगोदाम पुलिस ने सीज वाहनों के निस्तारण की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हल्द्वानी और जिलाधिकारी नैनीताल के आदेशों के अनुपालन में कोतवाली काठगोदाम परिसर में कुल 27 वाहनों की नीलामी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। नीलामी में 56 लोगों ने प्रतिभाग किया।
पुलिस के अनुसार, नीलामी के लिए गठित समिति में उपजिलाधिकारी हल्द्वानी को अध्यक्ष तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, संभागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम को सदस्य के रूप में शामिल किया गया था। समिति की देखरेख में पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई।
नीलामी में मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किए गए 26 वाहनों और एक माल मुकदमाती वाहन को शामिल किया गया। वाहनों की प्रारंभिक बोली 1 लाख 30 हजार रुपये से शुरू हुई, जो बढ़ते हुए 1 लाख 50 हजार रुपये तक पहुंची। अंतिम बोली बनभूलपुरा निवासी मोहम्मद जीशान की फर्म अरमान ऑटो पार्ट्स के पक्ष में 1 लाख 50 हजार रुपये पर संपन्न हुई।

इन पुलिसकर्मियों का रहा योगदान
नीलामी और वाहनों के निस्तारण की प्रक्रिया में प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, मालखाना मोहर्रिर हेड कांस्टेबल कमल पंत और हेड मोहर्रिर हेड कांस्टेबल राम सिंह भंडारी का विशेष योगदान रहा।

