उत्तराखण्ड ज़रा हटके भीमताल

दीवार का बेस तैयार करते समय हादसा, दो श्रमिकों की मौत; मालिक-ठेकेदार पर कार्रवाई

ख़बर शेयर करें -

भीमताल – भीमताल क्षेत्र के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल के निर्माण के दौरान अचानक ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। सूचना मिलने पर भीमताल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य चलाया। पुलिस ने निर्माण कार्य से संबंधित मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से थाना भीमताल को सूचना मिली कि मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल के निर्माण के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से श्रमिक दब गए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली भीमताल की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

यह भी पढ़ें 👉  जनगणना-2027 में परिवारों से शिक्षा, रोजगार और निवास संबंधी जानकारी ली जाएगी

बेस तैयार करते समय गिरा मलबा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, श्रमिक रिटेनिंग वॉल के निर्माण कार्य में जुटे थे। इसी दौरान दीवार का बेस तैयार करते समय अचानक ऊपर से मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो श्रमिक दब गए और उनकी मौत हो गई। हादसे में एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। घटना का समय दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच बताया गया है।

मृतकों की पहचान गौरी देवी (38), पत्नी महेंद्र, निवासी संजय नगर, लालकुआं, हाल निवासी निसौला, भीमताल, तथा हरीश थापा (18), पुत्र दीपक थापा के रूप में हुई है। घायल श्रमिक की पहचान नेत्र बहादुर उर्फ संजू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों मूल रूप से नेपाल के राजापुर के निवासी बताए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर, बनभूलपुरा में एक युवक पर कार्रवाई

घायल अस्पताल पहुंचाया, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

हादसे की सूचना पर एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी और प्रभारी निरीक्षक भीमताल राजेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान में उपनिरीक्षक अरविंद, उपनिरीक्षक सुशीला, अपर उपनिरीक्षक गणेश राणा, अपर महिला उपनिरीक्षक अंजुला जॉन समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

यह भी पढ़ें 👉  पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में मौसम सुहावना

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक झोपड़ी में दोनों मृतकों के शव मिले। घायल श्रमिक को डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल भेजा गया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए गए।

मालिक और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि मामले में घटनास्थल की जांच और संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। निर्माण कार्य से जुड़े मालिक एवं ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों और अन्य परिस्थितियों की जांच जारी है।