भीमताल – स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में युवा मोर्चा की ओर से कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में मंगलवार को भीमताल झील में नावों के माध्यम से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राष्ट्रध्वज फहराकर किया। झील में नावों पर सवार होकर निकली तिरंगा यात्रा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। यात्रा का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करना रहा।
इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने और हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देश आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ उत्तराखंड और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली आजादी को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
तिरंगा यात्रा के समापन पर प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने तथा देशहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

