देहरादून – उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक उस समय देखने को मिली, जब नरेंद्र मोदी को ‘लाटी’ कला से तैयार विशेष स्मृति चिह्न भेंट किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंच पर प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए यह अनोखा उपहार प्रदान किया, जो प्रसिद्ध नंदा देवी राजजात यात्रा से प्रेरित है।
इस स्मृति चिह्न को पौड़ी जिले के कोटद्वार की रहने वाली युवा कलाकार कंचन जदली ने तैयार किया है। उन्होंने पारंपरिक कला और स्थानीय संस्कृति को समाहित करते हुए इसे विशेष रूप दिया, जिसमें उत्तराखंड की आस्था और परंपरा की झलक साफ दिखाई देती है।
कंचन जदली ‘लाटी’ नामक अपने अनोखे कार्टून किरदार के जरिए पहाड़ी संस्कृति को देशभर में पहचान दिला रही हैं। उनके बनाए कार्टून पहले भी प्रधानमंत्री को पसंद आ चुके हैं, जिन्हें उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया था।

इतना ही नहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी कंचन की कला के मुरीद रह चुके हैं। उन्होंने उनके कार्टून की सराहना करते हुए उन्हें अपने कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया था। यह सम्मान न केवल एक कलाकार की उपलब्धि है, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और लोक कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रतीक भी है।

