उत्तराखण्ड क्राइम हल्द्वानी

हल्द्वानी में नशे के खिलाफ बड़ा प्रहार, मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – राज्य में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित श्री श्याम मेडिकल स्टोर पर संयुक्त टीम द्वारा छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद हुईं।

विशेष अभियान के तहत एसओटीएफ टीम और औषधि विभाग ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर से 20 बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, 113 ट्रामाडोल कैप्सूल तथा 360 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन दवाओं का भंडारण और बिक्री बिना वैध प्रिस्क्रिप्शन एवं आवश्यक अभिलेखों के की जा रही थी, जो ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के नियम 65 का गंभीर उल्लंघन है।

यह भी पढ़ें 👉  महंगाई पर सरकार सख्त, मंडियों में सस्ते दाम पर मिलेंगी फल-सब्जियां….

कार्रवाई के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी कुमाऊं परिक्षेत्र के आईजी कार्यालय से आई टीम की मौजूदगी में की गई। साथ ही, दुकान संचालक को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित दस्तावेज और रजिस्टर पांच दिनों के भीतर हल्द्वानी कार्यालय में प्रस्तुत करें।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, उक्त मेडिकल स्टोर पूर्व में भी जांच के घेरे में आ चुका है और उसका लाइसेंस निरस्त होने की बात भी सामने आई थी। इसके बावजूद उसी स्थान पर पुनः लाइसेंस जारी किए जाने को लेकर लोगों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  तीन ट्यूबवेल खराब, कई इलाकों में पानी के लिए मचा हाहाकार….

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लंबे समय से यहां नशीली दवाओं की अवैध बिक्री हो रही थी, जिससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही थी। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें 👉  जसपुर में अग्निशमन सेवा दिवस पर जागरूकता की अलख, रैली निकालकर दिया सुरक्षा संदेश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।