नैनीताल – जनपद के ज्योली गांव में वन्यजीव के हमले में 50 वर्षीय हेमा पांडे की दर्दनाक मौत ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
बुधवार को ज्योली गांव में हुआ यह हादसा परिवार के लिए किसी बड़े आघात से कम नहीं है। रोज की तरह जंगल गई हेमा पांडे इस बार वापस नहीं लौटीं। परिजनों के अनुसार, वह हर दिन जंगल से लौटते समय अपनी बेटी को फोन कर सूचना देती थीं, लेकिन इस बार फोन नहीं आया, बल्कि उनकी मौत की खबर घर पहुंची।
इस घटना से सबसे बड़ा सदमा उस बेटी को लगा है, जिसकी शादी तय हो चुकी थी और घर में खुशियों का माहौल था। शादी की तारीख तय होने से पहले ही मां का साया सिर से उठ गया। जिस घर से जल्द ही बेटी की डोली उठनी थी, वहीं अब गुरुवार को मां की अर्थी उठेगी। बेटी की चीख-पुकार ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।

परिवार के अन्य सदस्य भी इस घटना से टूट गए हैं। बेटे को पहले मां के घायल होने की सूचना देकर बुलाया गया, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद सच्चाई ने उसे झकझोर कर रख दिया। पति दयाकिशन गहरे सदमे में हैं और गुमसुम बैठे हुए हैं। उनकी आंखों में बिखरते परिवार और टूटते सपनों का दर्द साफ झलक रहा है।
महिला की असामयिक मौत से घर का आंगन सूना हो गया है और बेटी के सिर से मां का साया उठ गया है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।

