उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने शिक्षा विभाग को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

काठगोदाम – राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य अतिथि गृह काठगोदाम में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में बाल अधिकारों के संरक्षण, सुरक्षित शैक्षिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान बालक-बालिकाओं की शिक्षा, शोषण एवं मानसिक उत्पीड़न की रोकथाम, बाल संरक्षण से संबंधित प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यालयों में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर नियंत्रण को लेकर विशेष मंथन किया गया। इसके अलावा निजी विद्यालयों एवं पुस्तक तथा यूनिफॉर्म विक्रेताओं के बीच संभावित सांठगांठ की निगरानी, विद्यालयों के नियमित एवं औचक निरीक्षण, सुझाव एवं शिकायत पेटिकाओं की उपलब्धता तथा विद्यालय भवनों के सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें 👉  पूर्व सैनिकों के बीच पहुंचे राज्य मंत्री, कल्याण और विकास का दिलाया भरोसा

बैठक में शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित विद्यार्थियों को पुनः विद्यालयों से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी बल दिया गया। आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए विभागीय स्तर पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यालयों में सुरक्षित, सकारात्मक एवं अनुकूल शैक्षिक वातावरण विकसित करने पर विशेष जोर दिया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने आयोग के सदस्य द्वारा दिए गए सुझावों एवं निर्देशों का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि जनपद के सभी विद्यालयों में आवश्यक सुधारात्मक कदम प्राथमिकता के आधार पर लागू किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  22 जून तक बदल सकता है मौसम का मिजाज, मानसून देगा राहत

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, उप शिक्षा अधिकारी, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, सहायक अभियंता तथा समग्र शिक्षा अभियान के जिला समन्वयकों सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें 👉  भाजपा संगठन में नई जिम्मेदारी, जितेन्द्र मेहता को मिला अहम पद