उत्तराखण्ड ज़रा हटके लालकुआं

डर्बी जंगल से पकड़े गए नकबजन, लालकुआं पुलिस ने बरामद किए 2.69 लाख के जेवर

ख़बर शेयर करें -

लालकुआं – नैनीताल जिले की लालकुआं पुलिस ने घर में ताला तोड़कर की गई नकबजनी की वारदात का 19 दिन में खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 69 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार सुरागरसी-पतारसी के बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस ने यह कार्रवाई की।

17 अक्टूबर की रात घर का ताला तोड़कर उड़ाए थे जेवर

पुलिस के अनुसार, आजाद नगर वार्ड नंबर-4 निवासी मोहनी देवी पत्नी स्वर्गीय रमेश ने 23 अक्टूबर 2026 को कोतवाली लालकुआं में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 167/26, धारा 305(A) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें 👉  शुद्धता, गुणवत्ता और समृद्धि का संदेश लेकर आज से सजेगा आंचल मेला

50 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगालकर पहुंचे आरोपियों तक

घटना के खुलासे के लिए एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास, संभावित ठिकानों और सीमावर्ती जनपदों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन अवलोकन किया। इसके साथ ही सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद 5 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डर्बी जंगल, लालकुआं से चोरी की वारदात में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  6 से 8 नवंबर तक कैंची धाम रूट पर डायवर्जन, भारी वाहन और टैक्सियों की नो एंट्री

गिरफ्तार आरोपी दोनों सगे भाई

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल मंडल उर्फ चीमा (32 वर्ष) और विकास मंडल (28 वर्ष), दोनों पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी आजाद नगर वार्ड नंबर-4, लालकुआं के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं।

मंगलसूत्र, कान के कुंडल और चांदी के सिक्के बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 69 हजार रुपये कीमत के जेवरात बरामद किए हैं। बरामद सामान में दो पीली धातु के मंगलसूत्र, दो पीली धातु के कान के कुंडल और पांच चांदी के सिक्के शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  11 किलोमीटर सड़क की बदलेगी सूरत, ल्वाड डोबा-गौनियारों मार्ग के लिए 3.05 करोड़ मंजूर

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, विशाल मंडल उर्फ चीमा के खिलाफ आबकारी अधिनियम, बीएनएस और गुंडा एक्ट के तहत पूर्व में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, विकास मंडल के खिलाफ जुआ और आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे पहले से पंजीकृत हैं। दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, उपनिरीक्षक वंदना चौहान, हेड कांस्टेबल आनंदपुरी, हेड कांस्टेबल पूरन सिंह रायपा, कांस्टेबल उमेश गिरी और कांस्टेबल संजय कुमार शामिल रहे।