नैनीताल – जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं और चोरगलिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी के मामलों का खुलासा कर 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में रामनगर क्षेत्र में बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चोरी हुई मोटरसाइकिल को चोरपानी क्षेत्र से बरामद किया।
वहीं हल्द्वानी में दो अलग-अलग वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मंडी बाईपास जंगल क्षेत्र से 2 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से TVS स्पोर्ट और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कीं। मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी भी की गई है।

इसके अलावा अभियान के तहत फरार वारंटियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। चोरगलिया पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार किया, जबकि लालकुआं पुलिस ने दो अन्य वारंटियों को दबोचकर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में डर का माहौल बन रहा है और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो रहा है।

