उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

घर-घर पहुंचेगा निर्वाचन आयोग, बीएलओ करेंगे मतदाता विवरणों का सत्यापन

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल/हल्द्वानी – उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है। इसी क्रम में सोमवार से नैनीताल जिले के सभी मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।

इस अभियान की औपचारिक शुरुआत लोकभवन नैनीताल में हुई, जहां उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा गणना फार्म उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रत्येक मतदाता के घर जाकर गणना फार्म वितरित करेंगे तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता विवरणों का सत्यापन एवं अद्यतन कार्य किया जाएगा। यह अभियान निर्वाचन नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम में कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, अपर सचिव रीना जोशी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय तथा उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक उपस्थित रहे।

इसी क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत सोमवार को बीएलओ पूजा द्वारा कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत के आवास पहुंचकर उन्हें गणना फार्म उपलब्ध कराया गया तथा अभियान के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक कुमार राय तथा उपजिलाधिकारी एवं ईआरओ नवाजिश खालिक भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें 👉  साइबर अपराध पीड़ितों के लिए खुशखबरी,फ्रीज धनराशि वापस पाने का आसान रास्ता

एसआईआर की शुरुआत के अवसर पर बीएलओ द्वारा जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल को भी गणना फार्म उपलब्ध कराया गया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडेय, बीएलओ राजेंद्र गिरी, सुपरवाइजर कैलाशचंद जोशी तथा समन्वयक गिरीश तिवारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यह एक राष्ट्रीय महत्व का अभियान है। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से बूथ लेवल अधिकारियों को सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि गणना फार्म वितरित करते समय मतदाताओं को सही जानकारी दें तथा भरे हुए फार्म प्राप्त करते समय उनका भली-भांति परीक्षण करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नैनीताल जिले के सभी 1010 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। इस अभियान के तहत जिले के सभी मतदाताओं तक गणना फार्म पहुंचाए जाएंगे। आगामी 7 जुलाई तक एक माह की अवधि में बीएलओ द्वारा मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  महिला नेतृत्व और संगठन विस्तार पर कांग्रेस का फोकस, प्रियंका से मिलीं ज्योति रौतेला

उन्होंने बताया कि कोई भी मतदाता “बुक ए कॉल” फीचर का लाभ ले सकता है। यदि कोई मतदाता नौकरी या अन्य कार्यों के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं है, तो वह “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर के माध्यम से अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकता है। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर अथवा ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड कर कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेगा।

उन्होंने बताया कि यदि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है, तो बीएलओ तीन बार उस पते पर जाएगा। साथ ही घर पर एक स्टिकर चस्पा कर अगली विजिट की तिथि और अपना मोबाइल नंबर भी अंकित करेगा, ताकि मतदाता सुविधानुसार उनसे संपर्क कर गणना फार्म भर सकें।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फार्म के साथ मतदाताओं से किसी भी प्रकार का अन्य दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  सितारगंज में सौरभ बहुगुणा ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। वहीं 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई-नेट ऐप के माध्यम से अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं तथा उसे भरकर अपलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त यदि कोई पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहता है, तो वह अपने बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भर सकता है। ऐसे सभी प्रकरणों पर दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के दौरान विचार किया जाएगा।

सोमवार को जिले के सभी बीएलओ द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया।