नैनीताल – मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बुधवार को नैनीताल नगर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कुमाऊं आयुक्त ने सबसे पहले माल रोड पर लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे सड़क सुधारीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। अधीक्षण अभियंता लोनिवि ने बताया कि सड़क सुरक्षा के लिए एंकरिंग और अन्य सुरक्षात्मक कार्य जारी हैं। कुल 51 माइक्रोपाइल में से 11 लगाए जा चुके हैं और 31 जून तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। आयुक्त ने क्षतिग्रस्त सड़क के कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने को कहा।
इसके बाद उन्होंने डीएसए परिसर में ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे फसाड निर्माण, शौचालय, चेंजिंग रूम एवं बैडमिंटन कोर्ट सुधारीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 जून तक शौचालय और चेंजिंग रूम का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

खड़ी बाजार और बड़ा बाजार क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने 2.38 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सड़क सौंदर्यीकरण एवं अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण में कार्य धीमी गति से चलता पाया गया, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और कहा कि वह स्वयं निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग करेंगे। उन्होंने दो दिनों के भीतर आईपी सीसीटीवी कैमरे लगाने और बरसात से पहले भूमिगत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बी.डी. पांडे चिकित्सालय परिसर में मंडी परिषद द्वारा 9.13 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे छह टाइप-2 आवास एवं चहारदीवारी निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कार्य बंद पाए जाने पर नाराजगी जताई और मंडी परिषद को अगले ही दिन से निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
चार्टन लॉज-आभागढ़ क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में फैली गंदगी और कूड़े के ढेर देख आयुक्त ने नगर पालिका प्रशासन को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल सीसीटीवी कैमरे लगाने, चार कर्मचारियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने तथा गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय लोगों से भी स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
रोडवेज बस अड्डा क्षेत्र के निरीक्षण में भी परिसर और प्राधिकरण भवन के आसपास गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को फटकार लगाते हुए क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक से स्पष्टीकरण लेने और सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह दोबारा क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक, अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मसत्तू, अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना, ईओ नगर पालिका रोहिदास शर्मा, डीएसए महासचिव मनोज जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

