देहरादून – राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक 23 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पटेल नगर निवासी रिया कुमारी (23 वर्ष) मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रही थी। सोमवार को उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को संदेह हुआ। जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो रिया फंदे से लटकी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और घटनास्थल की जांच की। तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पढ़ाई में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के कारण युवती के मानसिक तनाव और हताशा में होने की बात सामने आई है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

