खैरना/भवाली – सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान भवाली पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले एक चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चालक का एल्कोमीटर और मेडिकल परीक्षण कराने के बाद वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र और क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।
खैरना बाजार में जांच के दौरान पकड़ा गया चालक

4 नवंबर को चौकी प्रभारी खैरना उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ खैरना बाजार में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वाहन संख्या UK07CB 8484 को रोककर जांच की गई। वाहन चालक दिल बहादुर पुत्र पान सिंह (56 वर्ष), निवासी ग्राम अलीगढ़, तहसील यूनियारा, जिला टोंक, राजस्थान तथा वर्तमान निवासी चंद्रबनी, छोला, मोहब्बेवाला, देहरादून को शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया।
पुलिस ने चालक का एल्कोमीटर से परीक्षण कराने के साथ मेडिकल जांच भी कराई, जिसमें शराब का सेवन कर वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।
पुलिस ने की नशे में वाहन न चलाने की अपील
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा, चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय, कांस्टेबल रमेश कुमार तथा पीआरडी जवान धर्मेंद्र कुमार और सुरेश कुमार शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं। नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

