उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

दुकानों में फायर एक्सटिंग्विशर रखें, दीपावली से पहले अग्निशमन विभाग की अपील

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – दीपावली पर्व के मद्देनजर आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस ने अग्निशमन सुरक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर फायर स्टेशन हल्द्वानी की टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों और आवासीय कॉलोनियों में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार के पर्यवेक्षण तथा अग्निशमन अधिकारी हल्द्वानी मिंदर पाल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान फायर सर्विस टीम ने नागरिकों, व्यापारियों और बच्चों को पटाखों के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी। टीम ने लोगों को बताया कि दीपावली के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी आगजनी और गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  ल्वेशाल के किसानों की पुरानी मांग को मिली मंजूरी, 2.54 करोड़ से बनेगी लिफ्ट सिंचाई योजना

पटाखे खुले स्थान पर ही जलाने की सलाह

अभियान के दौरान फायर सर्विस कर्मियों ने लोगों से संकरी गलियों, तंग रास्तों और घरों की बालकनी में पटाखे न जलाने की अपील की। आतिशबाजी के समय पास में पानी और मिट्टी से भरी बाल्टियां रखने, सूती कपड़े पहनने तथा ढीले और सिंथेटिक कपड़ों से बचने की सलाह दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  चाय की दुकान के पास शुरू हुआ विवाद बना मौत की वजह, घायल युवक की अस्पताल में मौत

दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखना जरूरी

फायर सर्विस टीम ने व्यापारियों को अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों में कार्यशील अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) अनिवार्य रूप से रखने के लिए जागरूक किया। साथ ही छोटे बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही पटाखे जलाने देने और आतिशबाजी के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

यह भी पढ़ें 👉  जीजीआईसी कोटद्वार के नाम फुटबॉल का खिताब, अनीता आर्या ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी और जनपद की सभी अग्निशमन इकाइयों के प्रभारियों को दीपावली के दौरान सक्रिय रहने तथा अग्निशमन सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। नैनीताल पुलिस ने आमजन से सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की अपील की है।