रुद्रपुर – शहर में रोडवेज के पास अमन टी-स्टॉल के सामने हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल किए गए रम्पुरा निवासी युवक राजेश की शनिवार को बरेली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, रम्पुरा वार्ड संख्या 22 निवासी राजेश पुत्र स्वर्गीय छोटे लाल 30 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे अपने दोस्त सचिन रस्तोगी के साथ अमन टी-स्टॉल पर चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
आरोप है कि इसी बीच बाइक से पहुंचे तीन युवकों ने राजेश के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर तीनों ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर पत्थर से कई वार किए। हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राजेश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। वहां राधिका अस्पताल के आईसीयू में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन शनिवार को उसने दम तोड़ दिया।
तीन युवकों पर हत्या का आरोप
मृतक की मां सुनीता के अनुसार, हमले में गौरव कुमार निवासी मेरठ, प्रेम प्रशांत निवासी रोहतक और चेतन वर्मा निवासी ट्रांजिट कैंप के शामिल होने का आरोप है। राजेश की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद क्षेत्र में भी सनसनी फैल गई। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

