हल्द्वानी – महिलाओं से जुड़े उत्पीड़न एवं पारिवारिक विवादों के मामलों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन, हल्द्वानी में महिला ऐच्छिक ब्यूरो का मासिक काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में विभिन्न पारिवारिक विवादों और महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की सुनवाई कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच, त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना नैनीताल पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनपद पुलिस को सभी मामलों में संवेदनशीलता और प्रभावशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
काउंसलिंग सत्र में डॉ. नंदिता अरेकल, डॉ. रश्मि पंत (मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर, महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी) तथा राम सिंह बसेड़ा (अधिवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष, बार एसोसिएशन हल्द्वानी) सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।

महिला समाधान केंद्र हल्द्वानी की प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता कुंवर ने ऐच्छिक ब्यूरो के समक्ष कुल 9 प्रकरण प्रस्तुत किए। सभी मामलों में दोनों पक्षों की मौजूदगी में उनकी बात विस्तार से सुनी गई और आपसी सहमति से समाधान का प्रयास किया गया।
काउंसलिंग के बाद ब्यूरो ने चार मामलों में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए, जबकि दो मामलों का आपसी सहमति से समझौता कर निस्तारण कराया गया। वहीं तीन मामलों को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजा गया।
एसएसपी ने कहा कि नैनीताल पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने के साथ-साथ पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण एवं संवेदनशील समाधान कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। महिला ऐच्छिक ब्यूरो भी इसी दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रहा है।

