रुद्रपुर – सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय, ऊधमसिंहनगर की ओर से शहर के एक निजी होटल में सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरूदेव सिंह ने मुख्य अतिथि के साथ विशिष्ट अतिथि संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति का स्वागत किया।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रयोग से सड़क दुर्घटनाओं का वैज्ञानिक विश्लेषण कर उन्हें प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें शामिल सभी प्रतिभागियों को अधिक से अधिक प्रश्न पूछकर विषय की बेहतर समझ विकसित करनी चाहिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि सभी थाना प्रभारी सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की बारीकियों को समझें और अपने दैनिक कार्यों में उनका उपयोग कर दुर्घटनाओं की रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभाएं।
संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा ने कहा कि दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील ऊधमसिंहनगर जिले में इस कार्यशाला का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जेपी रिसर्च इंडिया लिमिटेड के विशेषज्ञ सुमित ढुल ने “साइंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन ऑफ एक्सीडेंट” विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। वहीं परिवहन विभाग के सहायक निदेशक (सड़क सुरक्षा) नरेश संगल ने “उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति और रोड सेफ्टी ओवरव्यू” पर जानकारी दी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य में हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक एवं तथ्यात्मक विश्लेषण कर उनकी पुनरावृत्ति को रोकना और दुर्घटनाओं में घायल व मृतकों की संख्या में कमी लाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को दुर्घटना विश्लेषण की आधुनिक तकनीकों, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा त्वरित रिपोर्टिंग प्रणाली के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर, संयुक्त परिवहन आयुक्त और सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सम्भागीय परिवहन अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार, मनोज बागोरिया, मोहित कोठारी, नवीन सिंह, पूजा नयाल, संदीप वर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, विद्युत विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व, वन, पूर्ति, शिक्षा विभाग और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

