उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

नैनीताल में योग दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप, अधिकारियों को जिम्मेदारी

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून को नैनीताल जनपद में जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग दिवस की तैयारियों को लेकर बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद के प्रमुख योग दिवस कार्यक्रम नैनीताल के डीएसए मैदान मल्लीताल, लोक भवन नैनीताल, माननीय उच्च न्यायालय परिसर, विकास भवन भीमताल तथा हल्द्वानी में आयोजित किए जाएंगे। सभी स्थानों पर प्रातः 6:30 बजे से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम शुरू होगा।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल के विकास को नई रफ्तार, मुख्यमंत्री ने 13 योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

कार्यक्रमों के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए विभिन्न अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। डीएसए मैदान नैनीताल के लिए सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्रा फर्त्याल, लोक भवन के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त) सौरभ असवाल, उच्च न्यायालय परिसर के लिए उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, विकास भवन भीमताल के लिए जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी तथा हल्द्वानी कार्यक्रम के लिए नगर आयुक्त परितोष वर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी को समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि डीएसए मैदान एवं भीमताल में स्कूली बच्चों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा कार्यक्रमों के संचालन की समुचित व्यवस्था भी की जाए।

यह भी पढ़ें 👉  धामी सरकार की योजना से मिली नई उड़ान, स्वरोजगार से मजबूत हुई आर्थिक स्थिति

बैठक में बताया गया कि योग दिवस के उपलक्ष्य में 17 जून को हल्द्वानी स्थित मिनी स्टेडियम से “रन फॉर योगा” मिनी मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह मैराथन मिनी स्टेडियम से शुरू होकर एमबीपीजी कॉलेज तक पहुंचेगी। इसका उद्देश्य लोगों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

यह भी पढ़ें 👉  पर्यटन नगरी की स्वच्छता को मिलेगी रफ्तार, मुख्यमंत्री ने रवाना किए कूड़ा वाहन

अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ रहने के लिए योग जरूरी है” निर्धारित की गई है। इसी थीम के अनुरूप जिलेभर में जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जायसवाल, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी एम.एस. गुंज्याल, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।