हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में अनैतिक देह व्यापार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) एवं हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 6 युवतियों को रेस्क्यू करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि स्पा संचालक फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 11 जून की शाम मुखानी-तिकोनिया क्षेत्र स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स में संचालित ‘एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर’ में छापेमारी की गई। इस स्पा सेंटर के संबंध में पूर्व में भी अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। मुखबिर की सटीक सूचना पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पुलिस टीम ने स्पा सेंटर में दबिश दी, जहां आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित होती मिलीं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 16 इस्तेमालशुदा एवं 4 सीलबंद कंडोम, 4,320 रुपये नकद तथा दो एंट्री रजिस्टर बरामद किए। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर में मौजूद 6 युवतियों को रेस्क्यू कर नियमानुसार काउंसलिंग के लिए वन स्टॉप सेंटर हल्द्वानी भेजा गया।

मौके से पुलिस ने नीरज सिंह, कार्तिकेय गुप्ता, पूनम और अतुल ठाकुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि पूनम स्पा सेंटर की मैनेजर थी, जबकि अन्य आरोपी विभिन्न भूमिकाओं में कार्य कर रहे थे। पुलिस ने स्पा संचालक राहुल जायसवाल को भी मामले में नामजद किया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अनैतिक गतिविधियों, मानव तस्करी एवं देह व्यापार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

