उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़े मुख्यमंत्री, माता बिसना देवी के नाम लगाया पौधा

ख़बर शेयर करें -

भीमताल/नैनीताल – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल झील सौंदर्यीकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए झील परिक्षेत्र में बोगनबेलिया के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

भीमताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराएं और जीवन शैली प्रकृति से गहराई से जुड़ी हुई हैं। हमारे लोकपर्व और सामाजिक परंपराएं सदैव पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों को मजबूत करती रही हैं। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को याद दिलाने का अवसर है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में बड़ा अग्निकांड, अमेज़न वेयरहाउस में आग से दो कर्मचारियों ने गंवाई जान

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल जनपद अपनी सुंदर झीलों के कारण देश-विदेश में विशिष्ट पहचान रखता है और हर वर्ष लाखों पर्यटक यहां आते हैं। झीलों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से भीमताल झील के किनारों पर बोगनबेलिया के पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे झील की प्राकृतिक सुंदरता और अधिक आकर्षक बनेगी। उन्होंने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन संवर्धन की दिशा में एक अभिनव प्रयास बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी पूज्य माता बिसना देवी के नाम पर एक बोगनबेलिया का पौधा रोपित किया। वहीं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपनी स्वर्गीय माता रेवती देवी की स्मृति में पौधारोपण किया।

यह भी पढ़ें 👉  लोक भवन में मनाया गया तेलंगाना स्थापना दिवस, राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं तेजस्विनी अरविंद पाटील, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे तथा वन संरक्षक नितीश मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपनी माताओं के नाम पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें 👉  सम्मान और भावनाओं के बीच सेवानिवृत्त हुए ललिता प्रसाद भट्ट, विभाग ने दी भावभीनी विदाई

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि आगामी मानसून में प्रत्येक व्यक्ति अधिक से अधिक पौधे लगाए, जल स्रोतों का संरक्षण करे, नदियों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग दे तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है और इसके लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, आईटीबीपी 34वीं बटालियन के कमांडेंट हेमंत कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रकृति प्रेमी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।