उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

महापौर गजराज बिष्ट की अध्यक्षता में ऐतिहासिक बैठक, जनहित के 15 प्रस्तावों पर मुहर

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम की बोर्ड बैठक में गुरुवार को शहर के विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 15 जनहित प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में शहर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने, डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने तथा यातायात एवं शहरी विकास को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक की शुरुआत उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत आठ पार्षदों के पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण से हुई। इसके बाद नगर निगम ने डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप लॉन्च किया, जिससे करदाताओं को डिजिटल और पारदर्शी भुगतान की सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  कथित छेड़छाड़ पर भड़का गांव, दो मनचलों की पिटाई के बाद मुंह किया काला

बोर्ड बैठक के प्रमुख फैसले

नगर निगम की किरायेदारी दुकानों के किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। साथ ही 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा करने वाले किरायेदारों को विशेष छूट देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

शहर की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 200 नए बिजली पोल एवं नई विद्युत लाइनें लगाने का निर्णय लिया गया। वहीं सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए नई कूड़ा गाड़ियां, ट्रैक्टर और टैंकर खरीदे जाएंगे।

नगर निगम मुख्य भवन का विस्तार कर सिंगल विंडो सिस्टम विकसित किया जाएगा, जबकि सुभाष नगर स्थित नगर निगम भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने पर भी सहमति बनी।

शहर में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा गंगापुर कबड़वाल गोशाला में बायोगैस प्लांट तथा मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इंसिनरेटर स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  बाजपुर रोड पर भीषण हादसा: स्कूल जा रहे तीन छात्रों को पिकअप ने मारी टक्कर, एक ने तोड़ा दम

बैठक में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2026 के अनुरूप उपविधियां तैयार करने, नगर क्षेत्र में नए ट्यूबवेल निर्माण तथा आरोग्य मंदिर से संबंधित अनुबंधों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

रिहायशी क्षेत्रों में कबाड़ की दुकानों पर चलेगा अभियान

बैठक का सबसे अहम निर्णय पार्षद हरगोविंद रावत के प्रस्ताव पर लिया गया। बोर्ड ने आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाने तथा भविष्य में रिहायशी इलाकों में ऐसी दुकानों के संचालन पर रोक लगाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर स्थापित करने तथा नई सड़कों के निर्माण के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य किए जाने का निर्णय भी लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  बरसात में बढ़ा खतरा, पानी की टंकी में मिले पांच जहरीले सांप, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

‘जनहित सर्वोपरि, हर फैसला समयबद्ध होगा लागू’

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक निर्णय नागरिकों की सुविधा, पारदर्शिता और शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बोर्ड द्वारा पारित सभी प्रस्तावों को निर्धारित समयसीमा में धरातल पर उतारा जाए, ताकि हल्द्वानी-काठगोदाम को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहरों में शामिल किया जा सके।

बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी टोलिया सहित सभी पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।