देहरादून – उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार देर रात से प्रदेश के अधिकांश जिलों में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों में कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा, गरज-चमक और अत्यधिक तीव्र बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की आशंका के मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में स्कूलों की छुट्टी
लगातार खराब मौसम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देहरादून, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल जिलों में आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
भूस्खलन से सड़कें प्रभावित
लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। चमोली जिले के निजमुला मोटर मार्ग पर काली चट्टान क्षेत्र में लगातार मलबा और पत्थर गिरने से आवाजाही जोखिमभरी बनी हुई है।
वहीं टिहरी जिले के केम्पटी-नैनबाग (एनएच-707ए) मार्ग पर भी मलबा और बोल्डर आने से यातायात बाधित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से मार्ग खोलने का कार्य शुरू कर दिया।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 7 अगस्त को देहरादून, टिहरी और बागेश्वर में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज बारिश के दौर जारी रहने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी बारिश के आसार हैं।
8 अगस्त को देहरादून और बागेश्वर में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
9 अगस्त को देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत में येलो अलर्ट रहेगा तथा पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

