उत्तराखण्ड क्राइम हल्द्वानी

ऑपरेशन में हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता, दो मामलों का खुलासा, दो आरोपी सलाखों के पीछे

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर अपराधों के त्वरित अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये का चोरी किया गया सामान बरामद किया है। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी ने पुलिस टीम को 1,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की है।

पुलिस के अनुसार, पहली घटना में रामपुर रोड स्थित बेड़ापोखरा, देवलचौड़ निवासी हेमंत सिंह ने 8 जुलाई को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर डेल कंपनी का लैपटॉप, 42 इंच की एलईडी टीवी, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, हैवेल्स सीलिंग फैन, मंदिर की पीली धातु की मूर्तियां, झूले, आसन, तांबे के पूजा पात्र और ट्रैकिंग बैग चोरी कर ले गए। इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति और खेल उपकरण का लाभ

दूसरी घटना में सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खड़क सिंह दलाल ने अस्पताल परिसर से स्प्लिट एसी के आउटडोर यूनिट के कॉपर पाइप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी ने विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मैनुअल जांच के आधार पर दोनों घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  लखपति दीदी से यूथ फेडरेशन तक, उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र का होगा बड़ा विस्तार

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई 42 इंच एलईडी टीवी, डेल लैपटॉप, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, मंदिर की चार पीली धातु की मूर्तियां, दो धातु के झूले, पूजा का आसन, तांबे का पूजा पात्र, हैवेल्स सीलिंग फैन तथा बेस चिकित्सालय से चोरी किए गए कॉपर पाइप बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक बिष्ट उर्फ गोलू (25 वर्ष) निवासी धारानौला, अल्मोड़ा तथा ऋषभ अग्रवाल (30 वर्ष) निवासी फूलबट्टा, किच्छा रोड, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रितिक बिष्ट के खिलाफ चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें 👉  जसपुर में जनकल्याण शिविर बना समाधान का मंच, विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार (चौकी प्रभारी टीपी नगर), उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की (चौकी प्रभारी मंगलपड़ाव), हेड कांस्टेबल इसरार नबी, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल धीरेन्द्र सिंह अधिकारी और कांस्टेबल अनिल टम्टा शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए 1,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।