उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश, डीएम ने व्यवस्थाओं की खोली पोल

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसटीएच) में व्यवस्थाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे की बदहाल स्थिति, साफ-सफाई में कमी और मरीजों को मिल रही सुविधाओं में खामियां सामने आने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर डीएम का कड़ा रुख उस समय सामने आया, जब उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों से सीधे बातचीत की और उनके उपचार, साफ-सफाई तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। रैन बसेरे की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि सर्दियों के मौसम में मरीजों और तीमारदारों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। ठंड से बचाव के लिए जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि अस्पताल आने वाले लोगों को अव्यवस्थाओं का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  धामी सरकार की पहल से पहाड़ी खानपान को बाजार, महिला समूहों को 60 फीसदी सब्सिडी

डीएम ने कहा कि सुशीला तिवारी अस्पताल प्रदेश का प्रमुख चिकित्सा संस्थान है। यहां नैनीताल सहित आसपास के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के साथ स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण भी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने वार्डों, रैन बसेरे और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बाहर से दवाएं लिखने पर डीएम सख्त

अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता और मरीजों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि मरीजों को बाहर से दवाएं लिखने की व्यवस्था पूरी तरह बंद की जाए। अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही मरीजों का उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को अनावश्यक रूप से अतिरिक्त खर्च न उठाना पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  सड़कों की मरम्मत से मंदिरों के सौंदर्यीकरण तक, मुख्यमंत्री के सामने रखे भीमताल के मुद्दे

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) अरुण भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर किया जाए और मरीजों तथा उनके तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

यह भी पढ़ें 👉  स्वराज आश्रम में इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि, कांग्रेस नेताओं ने बताया राष्ट्रसेवा का प्रतीक

डीएम के औचक निरीक्षण के बाद अब अस्पताल प्रशासन के सामने व्यवस्थाओं में सुधार कर मरीजों को राहत देने की चुनौती है।