उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

सूर्य से सबसे दूर कोणीय स्थिति में पहुंचेगा बुध, सुबह 4:29 बजे बनेगा दुर्लभ खगोलीय संयोग

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – नवंबर की सुबह खगोलीय घटनाओं के लिहाज से खास रहने वाली है। 21 नवंबर को सौरमंडल का सबसे छोटा और सूर्य के सबसे नजदीक स्थित ग्रह बुध अपनी कक्षा में ऐसी स्थिति में पहुंचेगा, जब पृथ्वी से देखने पर वह सूर्य से अधिकतम कोणीय दूरी पर दिखाई देगा। इस खगोलीय स्थिति को ग्रेटेस्ट वेस्टर्न इलॉन्गेशन कहा जाता है। इस दौरान सूर्योदय से पहले बुध को देखने का अपेक्षाकृत बेहतर अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि आसमान में बुध के ऊपर चमकीला शुक्र ग्रह भी नजर आएगा।

सुबह 4:29 बजे होगी विशेष खगोलीय स्थिति

एरीज विज्ञान केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक एवं भारतीय ज्योतिर्विज्ञान परिषद के सदस्य डॉ. वीरेंद्र यादव के अनुसार, 21 नवंबर को सुबह 4:29 बजे बुध सूर्य से लगभग 19.6 डिग्री की अधिकतम पश्चिमी कोणीय दूरी पर होगा। इस समय इसकी चमक लगभग -0.5 मैग्नीट्यूड रहने का अनुमान है। सूर्य के अत्यधिक नजदीक होने के कारण सामान्य दिनों में बुध को देखना मुश्किल होता है, लेकिन इस विशेष स्थिति में वह सूर्योदय से पहले कुछ समय के लिए क्षितिज के ऊपर दिखाई दे सकता है।

क्षितिज साफ होना जरूरी

यह भी पढ़ें 👉  ग्रामीण महिलाओं के हुनर को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, एमबी इंटर कॉलेज मैदान में लगेगा सरस मेला

बुध सूर्य के सबसे नजदीक स्थित ग्रह है, इसलिए पृथ्वी से देखने पर वह आकाश में सूर्य से बहुत अधिक दूर नहीं दिखाई देता। आमतौर पर इसे सूर्योदय से पहले पूर्व दिशा में या सूर्यास्त के बाद पश्चिम दिशा में थोड़े समय के लिए देखा जा सकता है। ऐसे में पूर्वी या पश्चिमी क्षितिज पर इमारतें, पेड़ या पहाड़ जैसी बाधाएं होने पर इसका अवलोकन कठिन हो जाता है। 21 नवंबर को सूर्य से अधिकतम कोणीय दूरी पर होने के कारण इसकी दृश्यता अपेक्षाकृत बेहतर रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें 👉  खटीमा में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने की उत्तराखंड की सराहना

मॉर्निंग इलॉन्गेशन में दिखेगा बुध

डॉ. यादव के अनुसार, जब बुध पृथ्वी से देखने पर सूर्य के पूर्व में अधिकतम कोणीय दूरी पर होता है, तो इसे इवनिंग इलॉन्गेशन कहा जाता है। वहीं, सूर्य के पश्चिम में अधिकतम कोणीय दूरी पर होने की स्थिति मॉर्निंग इलॉन्गेशन कहलाती है। 21 नवंबर की घटना इसी दूसरी स्थिति से संबंधित है। यह बुध को पहचानने और उसके अवलोकन का अच्छा अवसर प्रदान करेगी।

यह भी पढ़ें 👉  रांची से दुनिया तक चमके माही, ल्वाली के ग्रामीणों को अपने लाल पर नाज

नग्न आंखों से भी कर सकेंगे अवलोकन

इस खगोलीय घटना को देखने के लिए किसी विशेष उपकरण की अनिवार्यता नहीं है। आसमान साफ रहने पर बुध को नग्न आंखों से भी देखा जा सकता है। हालांकि, क्षितिज के काफी करीब होने के कारण इसे पहचानना थोड़ा चुनौतीपूर्ण रहेगा। खगोलीय गणनाओं के अनुसार, दूरबीन से देखने पर बुध की सतह का लगभग 60 से 62 प्रतिशत हिस्सा प्रकाशित दिखाई देगा। वहीं, शुक्र ग्रह बुध की तुलना में काफी अधिक चमकीला नजर आएगा और उसे पहचानने में भी मदद करेगा।