नैनीताल – नैनीताल शहर में बिना वैध परमिट संचालित रेंटल बाइक, टू-व्हीलर टैक्सी एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 74 वाहनों के चालान किए हैं। यह कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय उत्तराखंड के आदेशों तथा कुमाऊं आयुक्त एवं जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत तथा जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा उच्च न्यायालय की निगरानी समिति की संस्तुतियों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद संभागीय परिवहन अधिकारी, हल्द्वानी ने प्रवर्तन टीमों को नैनीताल नगर क्षेत्र में बिना परमिट संचालित रेंटल बाइक एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
बुधवार को चलाए गए अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 74 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 68 रेंटल एवं टैक्सी बाइक, 2 टैक्सी कार और 2 अन्य वाहन शामिल हैं। वहीं नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक टैक्सी वाहन को सीज भी किया गया।

संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडेय ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार वर्ष 2017 के बाद नैनीताल नगर क्षेत्र के लिए किसी भी नए व्यावसायिक दोपहिया वाहन को परमिट जारी नहीं किया गया है। इसके बावजूद बिना वैध परमिट के वाहन संचालन किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि नैनीताल की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा न्यायालय के निर्देशों का पालन कराने के उद्देश्य से ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे केवल वैध परमिट एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

