उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

स्वच्छ नैनीताल की ओर बड़ा कदम, हर सड़क और पर्यटन स्थल पर चलेगा विशेष अभियान

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – जनपद को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने 8 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक “विशेष स्वच्छता अभियान” चलाने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग, जिला मार्ग, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, वन क्षेत्रों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान संचालित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान सड़कों के दोनों ओर फैले कूड़े-कचरे की सफाई के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक का चिन्हीकरण कर उसका सुरक्षित संग्रहण एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य जनपद को स्वच्छ बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देना है।

यह भी पढ़ें 👉  महिलाओं की मेहनत ने बदली तस्वीर, शक्ति स्वयं सहायता समूह बना आत्मनिर्भरता की मिसाल

शहरी क्षेत्रों में नगर निगम एवं नगर निकायों के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाएंगे। वहीं वन एवं पर्यटन क्षेत्रों में रामनगर मार्ग, चोरगलिया रोड सहित अन्य वन क्षेत्रों के कचरा संवेदनशील स्थलों की सफाई की जाएगी। इसके अलावा प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी विशेष अभियान चलाकर स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत, पंचायतीराज एवं ग्राम्य विकास विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा ग्राम पंचायतों में व्यापक सफाई अभियान संचालित किया जाएगा। विशेष रूप से रामनगर का रिजॉर्ट क्षेत्र, बैलपड़ाव, धानाचूली, मुक्तेश्वर, धारी और रामगढ़ जैसे पर्यटन एवं अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों को अभियान में प्राथमिकता दी जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  नंदा देवी महोत्सव में सुरक्षा का कड़ा पहरा, एसपी ने पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश

अभियान के प्रभावी संचालन के लिए ग्रामीण, नगरीय एवं वन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। प्रत्येक टीम को प्रतिदिन की प्रगति जियो-टैग्ड फोटोग्राफ के साथ जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  श्रमिक कल्याण बोर्ड का कैंप, योजनाओं की जानकारी के साथ स्वास्थ्य जांच और किट वितरण

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला एवं युवक मंगल दलों, एनसीसी, एनएसएस और आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। जनसहभागिता से ही स्वच्छ और सुंदर नैनीताल का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।