हल्द्वानी – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामपुर रोड स्थित सिटी पार्क, हल्द्वानी में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री तथा नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त नीतीश मणि त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी हल्द्वानी कुंदन कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी तराई केंद्रीय यू.सी. तिवारी सहित कई गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने देश और प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्ष धरती के जीवनदायी आधार हैं और स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का अनूठा संदेश देता है। यह अभियान आज जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का एक व्यापक जनआंदोलन बन चुका है।
सांसद ने लोगों से अपनी माताओं के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को संरक्षित कर वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है।
अजय भट्ट ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कुछ वृक्ष लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत की सौगात दी जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और लगाए गए पौधों के संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।

