उत्तराखण्ड ज़रा हटके रामनगर

ऑपरेशन प्रहार: रामनगर में चोरी का खुलासा, मेरठ का आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

रामनगर – नैनीताल जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर पुलिस ने घर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी से संबंधित नकदी, वादी की पत्नी का आधार कार्ड और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल नोएडा से चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को प्रेम चंद्र ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 322/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 331(4) में मुकदमा दर्ज किया।

यह भी पढ़ें 👉  ऑनलाइन जॉब से डिजिटल अरेस्ट तक, विद्यार्थियों को साइबर ठगी के नए हथकंडों से किया जागरूक

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना का शीघ्र खुलासा करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। फुटेज के विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 12 अक्टूबर को आरोपी रवि वर्मा (31) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राम सुंदरा पुट्टा, थाना टीपी नगर, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  वीकेंड पर नैनीताल पुलिस का विशेष ट्रैफिक प्लान, स्टीकर और शटल सेवा से संभालेंगे यातायात

नकदी, आधार कार्ड और मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की घटना से संबंधित नकदी, वादी की पत्नी का आधार कार्ड और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि मोटरसाइकिल उसने नोएडा से चोरी की थी। पुलिस मामले में बरामद सामान और मोटरसाइकिल के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  वर्षों की मांग पूरी, सदबुंगा में इंटर कॉलेज शुरू; ग्रामीणों ने मंत्री कैड़ा का जताया आभार

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गणेश जोशी, कांस्टेबल प्रयाग सिंह और कांस्टेबल मेघा सिंह शामिल रहे।