देहरादून/हल्द्वानी – उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए पांच आईएएस और पांच पीसीएस अधिकारियों सहित कुल 10 अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। इस फेरबदल में नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों के जिलाधिकारी भी बदल दिए गए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश के अनुसार, अब तक अल्मोड़ा के जिलाधिकारी रहे आईएएस अंशुल सिंह को स्थानांतरित कर नैनीताल का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की निदेशक रहीं आईएएस दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
ललित मोहन रयाल को शासन में नई जिम्मेदारी

नैनीताल के वर्तमान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को जिलाधिकारी और जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। उन्हें अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग, अपर सचिव ग्राम्य विकास तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तराखंड पलायन आयोग की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक आईएएस विनीत तोमर को नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
आईएएस निधि यादव को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के पद से हटाकर अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण, उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।
पांच पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र भी बदले
शासन ने पांच पीसीएस अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया है। इसके तहत पुष्कर कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी देहरादून से स्थानांतरित कर अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है। धीरज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार के साथ अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
केशव गुसाईं को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार से हटाकर अपर जिलाधिकारी देहरादून बनाया गया है। सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा और नगर आयुक्त नगर निगम अल्मोड़ा के दायित्वों से मुक्त कर डिप्टी कलेक्टर नैनीताल नियुक्त किया गया है। वहीं, सुभाष कुमार को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल से स्थानांतरित कर डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस फेरबदल के बाद नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों में नए प्रशासनिक नेतृत्व के तहत कामकाज आगे बढ़ेगा। वहीं, देहरादून, हरिद्वार और शासन के विभिन्न विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है।

