उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

मुकेश बोरा की अध्यक्षता में दुग्ध संघ का बड़ा फैसला, फरवरी से बढ़ेगा दूध खरीद मूल्य

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में पशुपालकों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। वहीं आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा कर दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत देने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समितियों के सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई। दुग्ध उत्पादकों के प्रदर्शन में लालकुआं क्षेत्र का प्रथम स्थान पर रहना भी अधिवेशन का प्रमुख आकर्षण रहा।

शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग उत्तराखंड के निबंधक/निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह, यूसीडीएफ सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी, उप सामान्य प्रबंधक पीएंडआई पीएस नागपाल तथा प्रबंधक पीएस नगरकोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिवेशन में दुग्ध संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों और करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी रही।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में जिला स्तरीय पेंशनर दिवस की तैयारियां शुरू, वरिष्ठ पेंशनरों को मिलेगा सम्मान

अधिवेशन में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित करने के लिए विशेष पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। मैदानी क्षेत्र महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये, हिमानी बिष्ट को 25 हजार, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार और दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए। पर्वतीय क्षेत्र महिला वर्ग में कमला देवी को 25 हजार, गंगा देवी को 21 हजार और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह को 25 हजार, जगपाल सिंह को 21 हजार और स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए। वहीं पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि को 25 हजार, श्याम नारायण को 21 हजार तथा कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  भीमताल के गांवों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने की पहल, सीएम से मिले मंत्री राम सिंह कैड़ा

इसके अलावा आठ विकासखंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी पुरस्कृत किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला दुग्ध उत्पादकों सहित कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के दस सचिवों तथा 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। संस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

अधिवेशन की अध्यक्षता करते हुए दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए घोषणा की कि आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का उद्देश्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का हित सर्वोपरि है और उनके विश्वास को बनाए रखना संस्था की प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें 👉  भारत-नेपाल सीमा पर विकास की नई पहल, मुख्यमंत्री धामी ने दी 169 करोड़ की सौगात

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं की मजबूती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।

कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस दौरान प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल और थान सिंह बिष्ट सहित दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, खलील अहमद तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।