उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

हल्द्वानी में जिला स्तरीय पेंशनर दिवस की तैयारियां शुरू, वरिष्ठ पेंशनरों को मिलेगा सम्मान

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान और अनुभव को सम्मान देने के उद्देश्य से आगामी 17 दिसंबर को हल्द्वानी में जिला स्तरीय पेंशनर दिवस आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी की अध्यक्षता में कोषागार हल्द्वानी में पेंशनर संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें 👉  मानसिक रूप से अस्वस्थ किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, पड़ोसी युवक पर पॉक्सो में मुकदमा

शासन के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक वर्ष 17 दिसंबर को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तथा मुख्य कोषाधिकारी के समन्वय से जिला स्तरीय पेंशनर दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष कार्यक्रम का आयोजन एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी स्थित लाल बहादुर शास्त्री सभागार में किया जाएगा।

बैठक में वरिष्ठ पेंशनरों के सम्मान के साथ ही कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, आयोजन की रूपरेखा और अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पेंशनर समाज के अनुभवी और सम्मानित सदस्य हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में विभिन्न विभागों और संस्थानों के माध्यम से समाज एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव और सेवाओं का सम्मान करना सामूहिक जिम्मेदारी है।

पेंशनर दिवस को केवल सम्मान समारोह तक सीमित न रखते हुए इसे सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा और उनके समाधान के लिए संवाद का अवसर बनाने पर भी जोर दिया गया। इस आयोजन के माध्यम से पेंशनरों को अपनी समस्याएं और सुझाव संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें 👉  थारी गांव में पुलिस की छापेमारी, गांजा-स्मैक और लाखों की नकदी बरामद

बैठक में मुख्य कोषाधिकारी नैनीताल कमलेश भंडारी, कोषाधिकारी हल्द्वानी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सहायक कोषाधिकारी तथा पेंशनर संगठनों के पदाधिकारी एससी पंत, जेसी पंत, ईपीसी जोशी, विजय कुमार तिवारी, रमेश चंद्र पांडे, एलएम लोहनी, बीएस गैड़ा, वीर सिंह बिष्ट, यतीश पंत और गणेश चंद्र जोशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।