हल्द्वानी – सरस आजीविका मेला 2026 के चौथे दिन शुक्रवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों का विशेष फैशन शो आयोजित किया गया। फैशन शो में समूह की महिलाओं ने खुद मॉडल बनकर रैंप पर कदम रखा और अपने हुनर, आत्मविश्वास तथा रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। पारंपरिक पहाड़ी परिधानों और हस्तनिर्मित उत्पादों के आधुनिक अंदाज ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
फैशन शो में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार रेशमी साड़ियां, पिछौड़ा, कुमाऊंनी पारंपरिक परिधान, ऊनी वस्त्र, शॉल, स्टोल, हस्तशिल्प आभूषण, जूट और कपड़े के बैग, मोती एवं धागों से बने आभूषण तथा अन्य उत्पाद रैंप पर प्रदर्शित किए गए। कुमाऊंनी ऐपण डिजाइन, हाथ से बुने शॉल, रिंगाल की टोकरियां और मैक्रेम उत्पादों को आधुनिक फैशन के साथ प्रस्तुत किया गया। महिलाओं की रैंप वॉक पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
हुनर के साथ आत्मविश्वास का भी दिखा जलवा

फैशन शो में कविता ऐड़ी ने रेशमी साड़ी, पिछौड़ा, टोपी और ज्वेलरी, प्रियंका गोस्वामी ने कुमाऊंनी ऐपण साड़ी, भावना मेहरा ने ऊनी फ्लावर, राधा बिष्ट ने जूट, कॉटन और मैक्रेम बैग, किरण जोशी ने पैचवर्क एवं रेशम से बने उत्पाद, बचूली देवी ने रिंगाल की टोकरी, कंचन कंनवाल ने मोमबत्ती और हस्तशिल्प उत्पाद, मंजू विश्वकर्मा ने कोसिया टॉप एवं मफलर तथा श्रेया तिवारी ने पिछौड़ा और साड़ी प्रस्तुत की। भावना ने सनील लहंगे और हाथ से बने पिछौड़े के साथ रैंप पर अपनी प्रस्तुति दी।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि जिन महिलाओं ने अपने हुनर से ये उत्पाद तैयार किए, उन्होंने ही उन्हें पहनकर रैंप पर प्रदर्शित भी किया। उनके आत्मविश्वास और प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि ग्रामीण महिलाएं अब केवल उत्पाद तैयार करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपने उत्पादों की पहचान और ब्रांडिंग के लिए भी आगे आ रही हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनके कौशल, आत्मविश्वास और पहचान को मजबूत करना भी है। फैशन शो के माध्यम से यह प्रदर्शित हुआ है कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों में बड़े बाजार तक पहुंचने की क्षमता है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और बाजार उपलब्ध कराने की है।
परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समूहों के उत्पादों को नई पहचान और बाजार मिलेगा, जिससे महिलाओं की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने दर्शकों से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की।
फैशन शो के दौरान लोक संगीत और आधुनिक धुनों पर रैंप वॉक ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर चला। सुप्रसिद्ध कुमाऊंनी लोकगायक गोपाल बाबू गोस्वामी के पुत्र अमित बाबू गोस्वामी ने ‘जय मैया दुर्गा भवानी’ और ‘कैले बाजै मुरली उंचा नीचा डाना मां’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को लोकसंगीत से जोड़ा। सेंट पॉल स्कूल के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, झोड़ा नृत्य और गायन की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। मेले में देशभर से आए प्रतिभागियों के 250 स्टॉलों पर हस्तशिल्प, हथकरघा, पहाड़ी उत्पाद, स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी एवं बिक्री जारी रही।

