उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

नशा तस्करों की सप्लाई चेन तोड़ेंगे, साइबर ठगों पर कसेगा शिकंजा,एसएसपी ने बताई कार्ययोजना

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – नैनीताल जिले के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने अपनी प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना को स्पष्ट करते हुए नशा तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को प्रमुख एजेंडे में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी करने वालों पर कार्रवाई करने तथा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति के तहत काम किया जाएगा। पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना भी पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नैनीताल कुमाऊं का प्रवेश द्वार होने के साथ ही पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद है। इसकी भौगोलिक परिस्थितियों और पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  भारत-नेपाल सीमा पर विकास की नई पहल, मुख्यमंत्री धामी ने दी 169 करोड़ की सौगात

नशे की सप्लाई चेन तोड़ने पर जोर

एसएसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री देवभूमि मिशन के तहत नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए पीआईटी एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। एएनटीएफ और एसओजी को मजबूत करते हुए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास किया जाएगा।

डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी पर विशेष नजर

ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट के मामलों को गंभीरता से लेते हुए साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित करने की बात कही गई। साइबर सेल को आधुनिक उपकरणों और विशेष प्रशिक्षण के माध्यम से सशक्त बनाया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि साइबर अपराधों पर कार्रवाई के साथ ही आमजन को जागरूक करना भी पुलिस की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में जिला स्तरीय पेंशनर दिवस की तैयारियां शुरू, वरिष्ठ पेंशनरों को मिलेगा सम्मान

महिला सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में कठोर कार्रवाई, पर्यटक और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम तथा पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने मामलों की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर यातायात व्यवस्था सुधारने की योजना

नैनीताल, हल्द्वानी और कैंचीधाम सहित प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा। पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जाम से राहत दिलाने के साथ अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और आदि कैलाश यात्रा के प्रमुख मार्गों पर भी यातायात प्रबंधन बेहतर बनाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि सुगम यातायात से पर्यटन के साथ स्थानीय व्यापार और आजीविका को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

यह भी पढ़ें 👉  हेलमेट, सीट बेल्ट और रफ्तार पर नजर, एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर जिलेभर में सड़क सुरक्षा अभियान

अपराधियों को सजा दिलाने पर भी रहेगा जोर

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। मजबूत एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, विवेचनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और प्रभावी पैरवी के जरिए अपराधियों को सजा दिलाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ाने के साथ अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नैनीताल आने वाला प्रत्येक पर्यटक और श्रद्धालु यहां से अच्छी यादें लेकर जाए, इसके लिए पुलिस बेहतर व्यवस्था बनाने का प्रयास करेगी। युवाओं को नशे से बचाना, आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना, महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।