उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

भूकंप से लेकर भगदड़ तक का होगा अभ्यास, नैनीताल में सुबह 8 बजे से चलेगा राहत-बचाव अभियान

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार, 28 नवंबर को नैनीताल जिले में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। सुबह आठ बजे से जिले के 14 अलग-अलग स्थानों पर होने वाले इस अभ्यास में भूकंप, अग्निकांड, सुरंग में चट्टान टूटने, जलभराव, रासायनिक पदार्थों के रिसाव और भगदड़ जैसी आपात परिस्थितियों का कृत्रिम घटनाक्रम तैयार कर राहत एवं बचाव अभियान चलाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करना और आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से यह भी देखा जाएगा कि आपदा के समय उपलब्ध संसाधनों का किस तरह उपयोग किया जाता है और राहत-बचाव कार्य कितनी तेजी से संचालित किए जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  देव रिंगाल के पुष्पन से वैज्ञानिकों में उत्सुकता, अब बीजों से नए पौधों के पुनर्जनन पर नजर

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल में भूकंप के झटकों से उत्पन्न स्थिति, रामदत्त जोशी जिला चिकित्सालय रामनगर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने और हल्द्वानी के वॉक-वे मॉल में भूकंप के बाद अफरा-तफरी एवं अग्निकांड से निपटने का अभ्यास किया जाएगा। जमरानी बांध स्थल पर सुरंग में चट्टान टूटने और जलभराव, लालकुआं स्थित पेपर मिल में रासायनिक पदार्थों के रिसाव तथा कैंचीधाम मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास होगा।

इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज कालाढूंगी, कसियालेख, गरगड़ी, खैरना, नथुवाखान, भवाली, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर और एचएन इंटर कॉलेज हल्द्वानी में भूकंप के बाद उत्पन्न अफरा-तफरी की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  वोट डालने से पहले जानिए मशीन की पूरी प्रक्रिया, नैनीताल में शुरू हुआ ईवीएम जागरूकता अभियान

मॉक ड्रिल के संचालन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित इंसीडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) के तहत नामित नोडल अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी तैनात रहेंगे। उपजिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय आईआरएस टीमों के नेतृत्व में निर्धारित स्थलों पर अभियान संचालित किए जाएंगे। इसमें पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, राजस्व, लोक निर्माण, विद्युत, परिवहन और नगर निकायों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी हिस्सा लेंगे।

अभ्यास के दौरान खोज एवं बचाव, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार, अस्पताल पहुंचाने, संसाधनों की उपलब्धता और विभागों के बीच समन्वय की क्षमता को परखा जाएगा। राहत एवं बचाव गतिविधियों की ऑनलाइन मोबाइल लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से निगरानी भी की जाएगी, ताकि अभ्यास के परिणामों का आकलन कर जिले की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  जनसुनवाई बनी राहत का मंच, आयुक्त दीपक रावत ने शिकायतों पर मौके पर लिया एक्शन

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार की घबराहट में न आएं और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना को आगे प्रसारित न करें और अफवाहों को फैलने से रोकने में सहयोग करें।