उत्तराखण्ड ज़रा हटके लालकुआं

स्थानीय प्रजातियों पर फोकस, टांडा रेंज में बड़े पैमाने पर होगा पौधारोपण

ख़बर शेयर करें -

लालकुआँ – तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज ने आगामी मानसून सत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस वर्ष रेंज में तीन लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए रेंज की सभी नर्सरियों में पौधे तैयार किए जा रहे हैं और वन विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

वन विभाग के अनुसार पिछले वर्षों की तुलना में इस बार स्थानीय प्रजातियों के पौधों पर विशेष ध्यान दिया गया है। विभाग का मानना है कि स्थानीय जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप पौधों के जीवित रहने की संभावना अधिक होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी नर्सरियों में स्थानीय प्रजातियों के पौधे तैयार किए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर जिले की जिलाधिकारी अपूर्वा पांडेय ने मंडलायुक्त दीपक रावत से की शिष्टाचार भेंट

वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम ने बताया कि आगामी हरेला पर्व और वन महोत्सव के अवसर पर टांडा रेंज के विभिन्न वन क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पहले चरण में लगभग 130 एकड़ वन भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा। इसके बाद मानसून के दौरान विभिन्न बीटों में वृक्षारोपण का कार्य जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष यूकेलिप्टिस, जामुन, बेहड़ा, बरगद, पीपल सहित कई अन्य स्थानीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही वन्यजीवों के लिए फलदार पौधों का भी रोपण किया जाएगा, जिससे वन क्षेत्र में जैव विविधता को बढ़ावा मिल सके।

यह भी पढ़ें 👉  मुंडन कर जताया विरोध, आरक्षण की मांग पर आंदोलनकारियों का बड़ा ऐलान

वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी पर जीवन के आधार हैं और इनके बिना मानव जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि टांडा रेंज के साथ-साथ तराई केंद्रीय वन प्रभाग की अन्य रेंजों में भी युद्ध स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस अभियान में आम जनता की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण से जुड़ सकें। वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत हरेला पर्व से होगी और यह पूरे मानसून सत्र तक जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  सितारगंज में सौरभ बहुगुणा ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रूपनारायण गौतम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। इस कार्यक्रम के तहत स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।

उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।