उत्तराखण्ड ज़रा हटके रुद्रपुर

रुद्रपुर में मतदाता पुनरीक्षण अभियान शुरू, घर-घर पहुंचेंगे निर्वाचन कर्मी

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत सोमवार से हो गई। अभियान के तहत उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रुद्रपुर मनीष बिष्ट तथा बीएलओ दीपा आर्या ने जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को उनके कार्यालय में गणना प्रपत्र भरवाया।

गणना प्रपत्र भरने के उपरांत जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के 1464 मतदेय स्थलों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जाएंगे तथा उन्हें वापस प्राप्त करने की कार्यवाही भी की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  नशा मुक्ति केंद्रों पर प्रशासन की नजर, चोरगलिया में औचक निरीक्षण के दौरान कार्रवाई

जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहयोग करें तथा घर-घर पहुंच रहे बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए गणना प्रपत्र भरने और जमा कराने में सहायता प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है। इसलिए प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है कि वह इस प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाए।

यह भी पढ़ें 👉  6.93 लाख मतदाताओं वाले जिले में SIR की कवायद तेज, 2.35 लाख नोटिसों की सुनवाई पूरी

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, तहसीलदार दिनेश कुटौला, सुपरवाइजर संजय कुमार वर्मा, आईटी प्रभारी पिंकी कौर, राजू पाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें 👉  जसपुर अस्पताल में सीएमओ का औचक दौरा, मरीजों से जाना उपचार और सुविधाओं का हाल