उत्तराखण्ड क्राइम रुद्रपुर

दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच नवविवाहिता की मौत,जांच कर रही पुलिस

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में मायके आई एक 24 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से फतेहगंज पश्चिमी, बरेली निवासी रामवीर सिंह पिछले कई वर्षों से ट्रांजिट कैंप स्थित वसुंधरा गुरुबक्स कॉलोनी में परिवार सहित रह रहे हैं। उनकी पुत्री काजल की शादी 18 फरवरी 2026 को किच्छा के पंजाबी मोहल्ला निवासी अजय शर्मा के साथ हुई थी। काजल सिडकुल की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी।

यह भी पढ़ें 👉  ईद और पर्यटन सीजन को लेकर नैनीताल पुलिस की नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू

परिजनों का आरोप है कि विवाह से पूर्व ही ससुराल पक्ष द्वारा 15 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। शादी के बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर काजल को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि कुछ दिन पहले उसकी सास उसे मायके छोड़ गई थी, जिसके बाद उसने अपने परिजनों को कथित उत्पीड़न की जानकारी दी थी।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से काजल मानसिक तनाव में थी। रविवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  कालाढूंगी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चंद घंटों में मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा

सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाह को सात वर्ष से कम समय होने के कारण मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में जहर सेवन की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि घटना से पूर्व मृतका का अपने पति से फोन पर विवाद भी हुआ था। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ़ें 👉  सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल योजनाओं से अल्मोड़ा के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मृतका के भाई पवन शर्मा ने आरोप लगाया कि बहन की मौत के बाद ससुराल पक्ष के एक रिश्तेदार द्वारा कार्रवाई न करने के लिए दबाव और धमकी दी जा रही थी।

क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर विभव सैनी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।