नैनीताल – उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने 25 अप्रैल को बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
बोर्ड सचिव विनोद सिमल्टी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष कुल 2,16,373 परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें हाईस्कूल के 1,12,679 और इंटरमीडिएट के 1,03,442 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों के अंकों की डाटा पंचिंग का कार्य पूरा हो चुका है और परीक्षाफल समिति की बैठक के बाद 25 अप्रैल को परिणाम घोषित करने की तिथि तय की गई है।

रिजल्ट 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे जारी किया जाएगा। इस दौरान शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ मुकुल कुमार सती परिणाम जारी करेंगे।
बोर्ड की ओर से रिजल्ट जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छात्र अपने परीक्षा परिणाम आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से देख सकेंगे। रिजल्ट जारी होने के साथ ही लाखों छात्रों और अभिभावकों का इंतजार खत्म हो जाएगा।

