उत्तराखण्ड ज़रा हटके पंतनगर

पंतनगर एयरपोर्ट बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का, 380 करोड़ से होगा विस्तार….

ख़बर शेयर करें -

पंतनगर – पंतनगर में एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने जनपद भ्रमण के दौरान पंतनगर एयरपोर्ट का निरीक्षण कर प्रस्तावित विस्तार कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। करीब 380 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट के लिए 524.70 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्राधिकरण को आवंटित की जा चुकी है। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में भवन ध्वस्तीकरण और पेड़ों का कटान कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  जसपुर अस्पताल में सीएमओ का औचक दौरा, मरीजों से जाना उपचार और सुविधाओं का हाल

एयरपोर्ट विस्तार योजना के तहत लगभग 3000 मीटर लंबा रनवे बनाया जाएगा, जिससे बड़े विमानों का संचालन संभव हो सकेगा। इसके साथ ही नया टर्मिनल भवन, हैंगर, आईएलएस (Instrument Landing System), कार्गो सुविधा और नाइट लैंडिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वर्तमान एयरपोर्ट पर भी यात्रियों के लिए एटीएम, पार्किंग, टैक्सी काउंटर, वाई-फाई, हेल्प डेस्क और चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार के चलते प्रभावित राष्ट्रीय राजमार्ग को शिफ्ट करने के लिए सर्वे और टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, और जल्द ही कार्य शुरू होगा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि एयरपोर्ट के पास गेस्टहाउस निर्माण और सेना के लिए भूमि आवंटन की भी योजना है।

यह भी पढ़ें 👉  बाघ की दहशत के बीच वन विभाग का ऑपरेशन सफल, रात में पकड़ा गया बाघ

मुख्य सचिव ने पंतनगर से संचालित हवाई सेवाओं की जानकारी लेते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत, कुलपति जीबी पंतनगर विश्वविद्यालय डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  सीसीटीवी और सर्विलांस से खुला सुराग, गोरापड़ाव डकैती का एक और आरोपी गिरफ्तार

इसके अलावा मुख्य सचिव ने “वर्ल्ड ऑन व्हील्स डिजिटल लर्निंग लैब” कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों से संवाद कर उन्हें प्रमाण पत्र भी वितरित किए। साथ ही जनपद में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों—जैसे मेडिकल कॉलेज, सर्किट हाउस, रुद्रपुर बाईपास, अमृत योजना और टीबी मुक्त अभियान—की भी समीक्षा की गई।