देहरादून – उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर तेजी से बढ़ रही है। यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए।
चारधाम यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या 12.60 लाख के पार पहुंच गई है। बुधवार को अकेले एक दिन में करीब 80 हजार श्रद्धालुओं ने चारों धामों में दर्शन किए।
यात्रा में सबसे अधिक उत्साह केदारनाथ धाम को लेकर देखने को मिल रहा है। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के 22 दिनों के भीतर ही 5.23 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

प्रदेश सरकार उच्च हिमालयी क्षेत्र में संचालित इस यात्रा के दौरान मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए स्लॉट प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। साथ ही रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से यात्रा की निगरानी की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्यों के बाद धाम अब दिव्य और भव्य स्वरूप में नजर आ रहा है। वहीं पैदल यात्रा मार्ग को बेहतर बनाए जाने से श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हुई है।
सरकार ने यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए हर स्तर पर व्यवस्थाएं मजबूत की हैं। मौसम की निगरानी के लिए विशेष तंत्र सक्रिय किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

