उत्तराखण्ड क्राइम हल्द्वानी

झपटमारी करने वाले दो युवक गिरफ्तार, पुलिस टीम को मिला इनाम

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – बुजुर्ग महिला से सोने का कुंडल झपटकर फरार हुए दो शातिर बदमाशों को मुखानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर घटना का सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का कुंडल भी बरामद कर लिया है। उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को ₹2,500 के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला निवासी चम्पा देवी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि दो अज्ञात युवकों ने उनकी सास के कान से सोने का कुंडल झपट लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  जर्जर सड़क से मिलेगी राहत, भीमताल-नौकुचियाताल मार्ग के लिए ₹2.45 करोड़ स्वीकृत

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने तत्काल घटना के खुलासे के निर्देश दिए। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी एवं एसओजी प्रभारी मोहन सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखाई दिए दो संदिग्ध युवकों की पहचान करने के लिए मैन्युअल और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया गया। इसके बाद शनिवार को पुलिस ने रिलायंस मॉल के पीछे आम के बगीचे में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नाबालिग प्रकरण में दो आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (22) पुत्र शांति स्वरूप तथा सूरज जोशी (20) पुत्र नरेंद्र जोशी, दोनों निवासी बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी अजय के कब्जे से झपटा गया सोने का कान का कुंडल बरामद हुआ, जिसके आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं।

यह भी पढ़ें 👉  एसएसपी के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस का त्वरित एक्शन, फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गली-गली घूमकर कबाड़ बीनने का काम करते थे और उसी दौरान उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अजय के खिलाफ उत्तर प्रदेश में पहले से भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है तथा उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।